

गरियाबंदः राजिम कुंभ मेले से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक जमीन कारोबारी पर ठेला दुकानदार के साथ जातिगत गाली-गलौज और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ठेला दुकानदार से बदसलूकी
जानकारी के अनुसार, रायपुर के गोबरा नवापारा निवासी जमीन कारोबारी अजय तिवारी ने राजिम कुंभ मेले में एक ठेला दुकानदार से बदसलूकी की। वायरल वीडियो में आरोपी दुकानदार से जबरन आईडी मांगते हुए और आपत्तिजनक जातिगत टिप्पणी करते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में आरोपी यह कहते हुए सुना जा सकता है— “ये पठान है, ये थूककर बेचते हैं”।
बताया जा रहा है कि यह घटना 1 फरवरी की है। शिकायतकर्ता शुभम शर्मा ने पुलिस को बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और दुकानदार से गाली-गलौज कर रहा था। इस व्यवहार से आहत होकर उन्होंने राजिम थाने में शिकायत दर्ज कराई। राजिम पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस बीच, कांग्रेस ने आरोपी को भाजपा से जुड़ा बताते हुए सवाल उठाया है कि क्या मेले में व्यापार करने के लिए किसी प्रकार की आईडी अनिवार्य है। कांग्रेस ने दोषी पर सख्त कार्रवाई करने और कुंभ मेले में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि आरोपी अपनी गाड़ी पर “सभापति नगर पंचायत राजिम” लिखा हुआ घूमता है, जबकि वह नवापारा का निवासी बताया जा रहा है। इसको लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह पदनाम का दुरुपयोग है या लोगों को भ्रमित करने का प्रयास। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर खंगाला जा रहा है।
रिपोर्ट- सिकंदर खान
Copyright 2026. All rights reserved