Last updated: December 31st, 2025 at 06:53 am

कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों छत्तीसगढ़ में कथा के लिए पहुंचे हुए हैं। कुछ दिन पहले ही वह कथा के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। उनके छत्तीसगढ़ पहुंचने पर शासकीय विमान से उन्हें कथास्थल तक लाया गया था, जिसके बाद से कांग्रेस ने सरकार पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार पर सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री राज्य के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के साथ बृहस्पतिवार (25 दिसंबर) को दुर्ग जिले के भिलाई शहर में आयोजित एक धार्मिक प्रवचन में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे थे।
वहीं अब चार्टर्ड प्लेन मामले को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान मंच पर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री खुशवंत साहेब भी मौजूद थे। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने मंत्री की ओर संकेत करते हुए कहा, “पता नहीं हमें वापस पहुंचाएंगे कि नहीं लेकिन लेकर यही आए थे। बहुत लोग हमारे आने पर सवाल उठा रहे हैं, सच ये है कि असली गुनहगार लाने वाला है, हम तो आने वाले हैं। हमारे ऊपर लोग सवाल उठा रहे हैं कि बाबा इस जहाज से आया उस जहाज से आया, बाबा भी तो आदमी ही है, इसी देश का है, विदेशी थोड़े हैं।”
धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा, “देशद्रोही विमान पर घूम सकते हैं, देश में लूटने वाले घूम सकते हैं? सनातन जगाने वाला, कैंसर हॉस्पिटल बनाने वाला, बेटियों का विवाह करवाने वाला, नशा छुड़वाने वाला आदमी हवाई जहाज पर चढ़ने का अधिकारी नहीं है? गजब की बुद्धि पाई है। अब हम ज्यादा कहेंगे तो लोग फिर कंट्रोवर्सी करेंगे। मीडिया वाले फिर कहेंगे कि बाबा ने फिर कहा। हम सच बोलें, किसी से मेरी बुराई नहीं, जो हमारे लिए बोल रहे हैं हम उन्हें भी धन्यवाद देते हैं।” (इनपुट- सिकंदर खान)
Copyright 2026. All rights reserved