Last updated: January 23rd, 2026 at 10:41 am

उज्जैन, 23 जनवरी ।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लाडली बहनों को आर्थिक आत्मनिर्भर बनाने के लिए 45 दिवसीय टेराकोटा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण माटीकला बोर्ड, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा प्रायोजित एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ स्वराज संस्थान संचालनालय संस्कृति विभाग के सहभागिता में ज़िला पंचायत हाट बाज़ार, नीलगंगा क्षेत्र में दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण माटीकला बोर्ड के कौशल विकास योजना अंतर्गत दिया जा रहा है। एमपीकॉन लिमिटेड भोपाल इस प्रशिक्षण का आयोजन एवं क्रियान्वयन कर रही है।यह प्रशिक्षण 25 महिलाओं को दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रशिक्षुओं को प्रतिदिन 100 रुपए छात्रवृत्ति एवं नाश्ता दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में महिलाएं मिट्टी के बर्तन, खिलौने, टेराकोटा आभूषण, दीपक एवं सजावटी वस्तुएँ आदि बनाना सीख रही हैं। प्रशिक्षण उपरांत महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर एक और कदम बढ़ा सकेंगी एवं मिट्टी को मूर्त रूप देकर अपनी कला देश एवं विदेशों में विस्तारित कर सकेंगी।
Copyright 2026. All rights reserved