Last updated: January 20th, 2026 at 04:09 am

महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों की मतगणना के बीच मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने महायुति गठबंधन की ऐतिहासिक जीत का दावा किया है। पुणे नगर निगम (PMC) और मुंबई (BMC) के रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए पाटिल ने कहा कि जनता ने विपक्ष के चुनावी भाषणों को नकार कर भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) के विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है।
पाटिल ने कहा, “लोग देख रहे हैं कि हमने क्या किया है, वे चुनावी भाषणों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं। लोग हमारे पिछले काम के आधार पर हम पर भरोसा कर रहे हैं। हमने लोगों के मन में यह सवाल उठाया- अगर वे (शिवसेना-UBT) विकास का काम करना चाहते थे, तो उन्होंने पहले क्यों नहीं किया? हमने COVID-19 के ढाई साल के दौरान भी बहुत काम किया।”
उन्होंने कहा, “चाहे ठाकरे भाई एक साथ आएं या कांग्रेस और NCP हाथ मिलाएं, यह लोगों के हित में नहीं है। लोग समझ गए हैं कि यह उनके अपने स्वार्थी मकसद के लिए है। मुंबई में बीजेपी को 90 सीटें मिलेंगी और शिवसेना को 40; यह संख्या बढ़ सकती है, लेकिन कम नहीं होगी। पुणे में हमें 115 से कम सीटें नहीं मिलेंगी।”
बता दें कि महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में कल हुए मतदान के बाद आज 16 जनवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में लगभग 3.49 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। एक ही चरण में हुए इस मतदान में मुंबई, पुणे, नागपुर और नाशिक जैसे प्रमुख शहरों सहित कुल 2,869 सीटों पर मुकाबला है। अभी तक के रुझानों में महाराष्ट्र की सत्ता में काबिज महायुति आगे चल रही है।
Copyright 2026. All rights reserved