केएल राहुल–अथिया शेट्टी और अरशद वारसी के नाम पर फर्जीवाड़ा, करोड़ों का किया गबन, एजेंसी के 3 कर्मचारियों पर केस दर्ज

क्रिकेटर केएल राहुल और अथिया शेट्टी समेत बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी के नाम पर फर्जी प्रोजेक्ट दिखाकर कर खुद के
untitled-design-2026-01-05t085416-1767583460.jpg

क्रिकेटर केएल राहुल और अथिया शेट्टी समेत बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी के नाम पर फर्जी प्रोजेक्ट दिखाकर कर खुद के एडवर्टाइजमेंट फर्म से पैसे गबन करने के आरोप में एजेंसी के तीन कर्मचारियों पर केस दर्ज किया गया है। इस जालसाजी में कुछ अन्य सेलिब्रिटीज के नाम का भी उपयोग किया, जिसे कंपनी को लगभग 1.41 करोड़ का नुकसान हुआ है। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई के अंधेरी इलाके स्थित एक एडवर्टिजमेंट एजेंसी मीडिया फर्म के तीन कर्मचारियों के खिलाफ शनिवार को फर्जी प्रोजेक्ट का बिल बनाकर और भुगतान को मंजूरी देने के लिए मशहूर हस्तियों के जाली सिग्नेचर और इनवॉइस बनाकर कंपनी से 1.41 करोड़ रुपये के गबन का मामला दर्ज किया गया है।

केएल राहुल–अथिया शेट्टी समेत इन सितारों पर लगे गंभीर आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अभिनेत्री अथिया शेट्टी और उनके पति-क्रिकेटर केएल राहुल के फर्जी इनवॉइस और अभिनेता अरशद वारसी के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर फर्जी प्रोजेक्ट को अंजाम दिया और पैसे की हेराफेरी की। आरोपियों की पहचान ऋषभ सुरेखा, यश नागरकोटी और आशय शास्त्री के रूप में हुई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत एफआईआर दर्ज की है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘हम मामले की जांच कर रहे हैं और वित्तीय लेन देन का सत्यापन कर रहे हैं। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है क्योंकि सबूत जुटाए जा रहे हैं।’ शिकायत 28 वर्षीय जेनी एंथोनी ने दर्ज कराई है जो उस फर्म की कर्मचारी हैं, जिसका मुख्यालय हरियाणा में और एक शाखा अंधेरी पश्चिम में है।

फर्जीवाड़े का जिम्मेदार कौन है?

पुलिस ने बताया कि सुरेखा जुलाई 2023 में वरिष्ठ प्रबंधक ग्राहक सेवा (इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग) कार्यकारी के रूप में कंपनी में शामिल हुई थीं और ब्रांडिंग, इन्फ्लुएंसरों के साथ संपर्क स्थापित करने और परियोजना के ऑपरेशंस की देखरेख के लिए जिम्मेदार थीं। उन्हें फाइनेंस डिपार्टमेंट और कंपनी के सीईओ को परियोजना के विवरण से अवगत कराने का भी अधिकार था। कंपनी में शामिल होने के बाद, सुरेशा ने अपनी मां के इलाज का हवाला देते हुए कंपनी से 15 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण लिया। अगस्त 2024 में उन्होंने शास्त्री की मदद से अभिनेत्री दीया मिर्जा को लेकर हैवल्स के लिए एक विज्ञापन परियोजना हासिल की और कंपनी को सूचित किया कि प्रोडक्शन हाउस, हुरे मूवीज को 31 लाख रुपये दिए हैं। हालांकि, उन्होंने हुरे मूवीज के सीईओ यश नागरकोटी को बताया कि परियोजना का मूल्य 62 लाख रुपये था, जिसके कारण विवाद हुआ और कंपनी को अतिरिक्त भुगतान करना पड़ा था।

एजेंसी के 3 कर्मचारियों पर केस दर्ज

एफआईआर में आगे कहा गया है कि कंपनी को बाद में उस साजिश का पता चला, जिसमें तीनों आरोपियों ने जानी मानी कंपनियों के नाम पर जाली बिल बनाए थे। आरोप है कि 52 लाख रुपये से अधिक की रकम सुरेखा के निजी बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। जांच में पता चला कि सुरेखा ने कथित तौर पर कंपनी के ईमेल आईडी का दुरुपयोग कर टैलेंट एजेंसियों और ग्राहकों के सामने खुद को अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत किया। उन पर अथिया शेट्टी के हस्ताक्षर जाली बनाने और अभिनेता अरशद वारसी के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर काल्पनिक परियोजनाओं के लिए धोखाधड़ी से धनराशि प्राप्त करने का भी आरोप है।

Copyright 2026. All rights reserved