Last updated: December 31st, 2025 at 06:59 am

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ जारी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आज यानी सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। मध्य प्रदेश के बड़े सट्टा किंग आजाद खान के अवैध साम्राज्य को प्रशासन ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने आजाद के आलीशान दो मंजिला होटल ‘आज़ाद पैलेस’ पर बुलडोजर चलाकर उसे मिट्टी में मिला दिया।
प्रशासनिक अमले ने आज सुबह ही होटल परिसर को घेर लिया और देखते ही देखते अवैध निर्माण का प्रतीक बनी यह आलीशान इमारत खंडहर में तब्दील हो गई। इससे पहले भी प्रशासन ने आज़ाद खान के अवैध फार्म हाउस पर ‘पीला पंजा’ चलाकर उसकी कमर तोड़ दी थी।
एसडीएम सुब्रत त्रिपाठी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह निर्माण पूरी तरह अवैध था और आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ था।
जांच में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ, वह था KGN सहकारी बैंक। फिल्म KGF की तर्ज पर आजाद खान ने अपना खुद का बैंकिंग ढांचा खड़ा कर लिया था। सरकार को अंदेशा है कि इसी क्रेडिट सोसाइटी के जरिए सट्टे और जुए के ‘काले धन’ को ‘सफेद’ किया जा रहा था। सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उक्त क्रेडिट सोसाइटी के सभी खातों और ट्रांजेक्शन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
आज़ाद खान का नेटवर्क किसी एक जिले या राज्य तक सीमित नहीं था। जांच में सामने आया है कि उसका कारोबार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ था। कल्याण और रतन सट्टा जैसे नामों से खुद का नेटवर्क फैला रखा था। वहीं, उसने MCX इंडिया की तर्ज पर एक फर्जी एक्सचेंज बनाया था। आईडी देकर डब्बा और नकली मेटल कमोडिटी का कारोबार चला रहा था।
इस काले खेल के तार राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ नेपाल, दुबई और पाकिस्तान (कराची) तक जुड़े होने के सबूत मिले हैं।
Copyright 2026. All rights reserved