

सतना: सोशल मीडिया से लेकर तमाम प्लेटफॉर्म पर एक जानकारी सर्कुलेट हुई कि अडानी की सीमेंट कंपनी में शिक्षित बेरोजगारों का रविवार को इंटरव्यू लिया जाना है और बेरोजगारों को नौकरी दी जाएगी। फिर क्या था, सतना के कंपनी कार्यालय में रोजगार पाने ऐसी भाीड़ उमड़ी कि हालात खराब हो गए। प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा और एक-दो आवेदकों के भी इंटरव्यू नहीं हो सके। हालात ये रहे कि आवेदक कार्यालय के छत तक पहुंच गए और दफ्तर के सामने भीड़ बेकाबू होने लगी।
भरहुत नगर स्थित कार्यालय के सामने जाम का झाम हो गया लिहाजा पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। हालांकि नौकरी के लिए इंटरव्यू कोई अफवाह नहीं थी, लेकिन भीड़ इतनी बढ़ी कि व्यवस्थाएं बदइंतजामी में तब्दील हो गई।

ऑफिस के बाहर जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी में आया है कि नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं की भीड़ रविवार को सतना में बेकाबू हो गई। कार्यालय के बाहर सैकड़ों बेरोजगार युवा इंटरव्यू देने पहुंचे, जिससे पूरा इलाका अफरा-तफरी का शिकार हो गया। हालात ऐसे बने कि कार्यालय परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची और आसपास की सडक़ पर लंबा जाम लग गया। सीमेंट प्लांट में सीधी भर्ती की उम्मीद लेकर आए युवाओं की संख्या प्रशासन और कंपनी के अनुमान से कहीं अधिक थी। सतना के अलावा कटनी, मैहर और पन्ना जैसे जिलों से भी बड़ी संख्या में युवा यहां पहुंचे थे।
छत पर पहुंचे आवेदक
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस भी इतनी भारी भीड़ को नियंत्रित करने में असहाय नजर आई। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पूरे समय बनी रही। लंबे समय तक इंतजार और अव्यवस्था से नाराज कुछ युवाओं ने खतरनाक कदम उठा लिया। कई युवक बाउंड्री वॉल पर चढ़ गए, जबकि कुछ ने पास की इमारत का सहारा लेकर सीमेंट कंपनी के कार्यालय की छत से अंदर कूदने की कोशिश की। इस दौरान बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा।
दरअसल, सीमेंट कंपनी ने हाल ही में एक विज्ञापन जारी कर 1 फरवरी को भरहुत नगर स्थित कार्यालय में सीधी भर्ती के लिए इंटरव्यू आयोजित किए थे। उम्मीदवारों को रिज्यूम और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए थे। यह भर्ती इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियर, मशीन ऑपरेटर सहित कई पदों के लिए थी।

इंटरव्यू के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़।
अडानी ग्रुप में नौकरी के लिए इंटरव्यू कॉल किए गए थे। एचआर के असिस्टेंट मैनेजर मृदुला गोकले के अनुसार उनको अनुमान था कि इंटरव्यू के लिए 100 से 150 आवेदकों की आने की संभावना है लेकिन मामला उलटा पड़ गया। दोपहर बाद तक यह संख्या 500 के पार चली गई। गोकले ने बताया कि अब इंटरव्यू हैदराबाद में लिए जाएंगे। गोकले के अनुसार सतना सीमेंट हब है लिहाजा इंटरव्यू और दस्तावेजों का सत्यापन करने सतना ऑफिस का चयन किया गया था। ऑनलाइन के अलावा भर्ती की ऑफलाइन प्रक्रिया भी अपनाई गई थी ताकि वास्तविक अभ्यर्थियों का चयन किया जा सके। लेकिन यहां उमड़ी भीड़ के कारण सब रोकना पड़ा है और अब हैदराबाद में प्रक्रिया पूरी होगी।
(रिपोर्ट- अमित त्रिपाठी)
Copyright 2026. All rights reserved