Last updated: January 25th, 2026 at 11:46 am

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का उज्जैन के हामूखेड़ी शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ हायर सेकेंडरी विद्यालय में विद्यार्थियों और जन प्रतिनिधियों के साथ सुना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 130वें एडिशन में पर्यावरण संरक्षण के लिए देश में साधारण व्यक्तियों द्वारा की जा रही पहल का उल्लेख करते हुए प्रदेश के पन्ना जिले के बीट गार्ड (वनरक्षक) जगदीश प्रसाद अहिरवार के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब पर्यावरण सरंक्षण की बात होती है, तो अक्सर हमारे मन में बड़ी योजनाएं, बड़े अभियान और बड़े-बड़े संगठनों के नाम और उनकी बातें आती हैं। लेकिन कई बार बदलाव की शुरूआत बहुत साधारण तरीके से होती है। यह शुरूआत एक व्यक्ति से, एक इलाके से, एक कदम से और लगातार की गई छोटी-छोटी बातों से भी हो सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “मध्यप्रदेश में पन्ना जिले के जगदीश प्रसाद अहिरवार का प्रयास भी बहुत ही सराहनीय है। वे जंगल में बीट-गार्ड के रूप में अपनी सेवाएं देते हैं। एक बार गश्त के दौरान उन्होंने महसूस किया कि जंगल में मौजूद कई औषधीय पौधों की जानकारी कहीं भी व्यवस्थित रूप से दर्ज नहीं है। अरिवार ये जानकारी अगली पीढ़ी तक पहुँचाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने, औषधीय पौधों की पहचान करना और उनका रिकार्ड बनाना शुरू किया। उन्होंने 125 से ज्यादा औषधीय पौधों की पहचान की। हर पौधे की तस्वीर, नाम, उपयोग और मिलने के स्थान की जानकारी जुटाई। उनकी जुटाई गई जानकारी को वन विभाग ने संकलित किया और किताब के रूप में प्रकाशित भी किया। इस किताब में दी गई जानकारी अब शोधकर्ता, छात्रों और वन अधिकारियों के बहुत काम आ रही है।”
Copyright 2026. All rights reserved