Last updated: December 31st, 2025 at 09:35 am

नई दिल्ली: ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन बॉलीवुड के सबसे चर्चित और पसंद किए जाने वाले कपल्स में से एक रहे हैं। दोनों की जोड़ी को लोगों का बहुत प्यार मिलता है। वे जब भी एक साथ नजर आते हैं, उनके फैंस के चेहरे खिल उठते हैं। बीते साल दोनों के बीच अनबन की खबरों ने जोर पकड़ा लेकिन इस साल दोनों कई बार एक साथ नजर आए, कभी शादी के तो कभी बेटी के साथ। उनकी शादी और बाद में उठीं तलाक की अफवाहें हमेशा मीडिया और फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी रहीं। अब साल के अंत में दोनों ने फैंस को खुश कर दिया है, दोनों एक साथ वेकेशन पर है। इसकी एक झलक सोशल मीडिया पर छाई हुई है और लोगों का कहना है कि इन्हें किसी की नजर न लगे।
सामने आई तस्वीर में दोनों एक फैन के साथ नजर आ रहे है। ये तस्वीर किसी कैफे की है। दोनों को ब्लैक आउटफिट में ट्विनिंग करते देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि ये तस्वीर न्यूयॉर्क की है जहां दोनों वेकेशन मना रहे है। बता दें, इस वेकेशन पर बेटी आराध्या भी साथ गई हैं, भले हो वो इस तस्वीर में नजर न आ रही हों। कपल को एक हफ्ते पहले एक साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। दोनों बेटी के साथ वेकेशन पर जाते दिखे थे।
ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की शादी 20 अप्रैल 2007 को हुई थी। यह शादी मुंबई में बच्चन परिवार के निवास प्रतीक्षा में संपन्न हुई। समारोह को बेहद निजी और पारंपरिक रखा गया था। शादी पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाज़ों के अनुसार हुई, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य और कुछ चुनिंदा दोस्त ही शामिल हुए। जनवरी 2007 में फिल्म गुरु के प्रीमियर के बाद अभिषेक बच्चन ने अपनी और ऐश्वर्या की सगाई की घोषणा की थी। शादी के बाद ऐश्वर्या ने बच्चन परिवार की बहू के रूप में नया जीवन शुरू किया और दोनों को लंबे समय तक एक आदर्श दंपती माना गया। 2011 में उनकी बेटी आराध्या बच्चन का जन्म हुआ।
ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन के तलाक को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि कभी नहीं हुई, लेकिन 2024 के आसपास सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में अफवाहें तेज होने लगीं। इन अफ़वाहों की शुरुआत मुख्य रूप से तब हुई जब दोनों कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों में अलग-अलग दिखाई दिए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ पोस्ट, वीडियो और गलत दावों ने भी इन अटकलों को हवा दी। कुछ लोगों ने अभिषेक के सोशल-मीडिया इंटरैक्शन को भी रिश्ते में तनाव से जोड़कर देखा, जबकि इसकी कोई ठोस पुष्टि नहीं थी।
इन अफवाहों पर अभिषेक बच्चन ने सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया देते हुए इन्हें बेबुनियाद और गलत बताया। समय-समय पर दोनों को पारिवारिक आयोजनों और बेटी के स्कूल कार्यक्रमों में साथ देखा गया, जिससे यह साफ हुआ कि तलाक की बातें केवल अटकलें थीं।
Copyright 2026. All rights reserved